अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रबोध सक्सेना ने नागरिक अस्पताल नूरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कांगड़ा जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस राणा, एसडीएम नूरपुर आबिद हुसैन सादिक और बीएमओ एवं नूरपुर अस्पताल की प्रभारी डॉ. नीरजा गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं।
औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने नूरपुर सिविल अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल के विभिन्न वार्डों के अलावा ऑपरेशन थिएटर, स्पेशल वार्ड, लैब, स्टोर, एमसीएच, रेडियोलॉजी, सीटी स्कैन सेंटर सहित सभी विभागों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. नीरजा गुप्ता ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही अस्पताल प्रशासन को पेश आने वाली समस्याओं के अलावा विभिन्न बुनियादी जरूरतों के बारे में अवगत करवाया। अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने नूरपुर सिविल अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए जरूरी सुविधाओं को सरकारी स्तर पर पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
नूरपुर अस्पताल की प्रभारी डॉ. नीरजा गुप्ता और एसडीएम नूरपुर एवं अस्पताल की रोगी कल्याण समिति के चेयरमैन आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि 50 बिस्तर के मातृ-शिशु अस्पताल के लिए भूमि अधिग्रहण, मरीजों की सहूलियत के लिए प्रस्तावित डायलिसिस सेंटर को जल्द खोलने और अत्याधुनिक वेंटिलेटर मुहैया करवाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रबोध सक्सेना के साथ विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के उपरांत प्रधान सचिव ने अस्पताल स्टाफ के साथ बैठक भी की।