धर्मशाला।
जिला के 15 विधानसभा हलकों में मतदान के लिए 1569 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी विस क्षेत्रों में सायं पांच बजे के बाद मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सभी इलेक्ट्रोनिंग वोटिंग मशीनों को स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। इसके लिए जिले में 11 स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। सभी स्ट्रांग रूम के बाहर 24 घंटे अर्द्धसैनिक बलों का कड़ा पहरा रहेगा।
स्ट्रांग रूम में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से कड़ी नजर रखी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चंद्र प्रकाश वर्मा ने बताया कि मतदान के बाद सभी 1569 मतदान केंद्रों से ईवीएम को संबंधित स्ट्रांग रूम में पहुंचा दिया जाएगा। नूरपुर और इंदौरा विस क्षेत्रों की ईवीएम आर्य कॉलेज नूरपुर में बने स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। फतेहपुर हलके की ईवीएम वजीर राम सिंह कालेज देहरी, जवाली हलके की ईवीएम मिनी सचिवालय जवाली, देहरा और जसवां परागपुर हलकों की ईवीएम रावमापा छात्र देहरा, ज्वालामुखी हलके की ईवीएम रावमापा छात्र ज्वालामुखी, जयसिंहपुर विस की ईवीएम डिग्री कालेज जयसिंहपुर, पालमपुर व सुलह हलकों की ईवीएम बतरा कालेज पालमपुर, नगरोटा बगवां विस की ईवीएम डिग्री कालेज नगरोटा, कांगड़ा हलके की ईवीएम पॉलीटेक्निक कालेज कांगड़ा, धर्मशाला व शाहपुर हलकों की ईवीएम प्रयास भवन धर्मशाला और बैजनाथ हलके की ईवीएम संतराम कालेज बैजनाथ में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी।
छह हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा
जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस और होमगार्ड के करीब चार हजार जवान और 2000 अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। एएसपी डॉ. शिव कुमार ने बताया कि जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।