चोरों ने मोटर को भी पहुंचाया नुकसान, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का तालाब (कांगड़ा)। उपतहसील राजा का तालाब के अंतर्गत ग्राम पंचायत चकबाड़ी में स्थापित जल शक्ति विभाग के ट्यूबबेल में शनिवार देर रात को चोरों सेंधमारी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने ट्यूबवेल मोटर को नुकसान पहुंचाने और वहां से सबमर्सिबल कॉपर केबल चुरा कर रफूचक्कर हो गए। चोरी की इस वारदात की जानकारी रविवार सुबह मिली जब कर्मी वहां पहुंचे।
ट्यूबवेल पर कार्यरत ऑपरेटर अमरीक सिंह ने बताया कि शनिवार रात को चोर इस वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे खेतों की सिंचाई के लिए आए एक किसान के माध्यम से चला कि ट्यूबवेल पर चोरी हुई है। मौके पर जाकर देखा तो पाया कि चोरों ने ट्यूबवेल की मोटर को नुकसान पहुंचाया है और लगभग 50 फीट सबमर्सिबल कॉपर केबल भी गायब है।
इस घटनाक्रम की जानकारी उन्होंने स्थानीय प्रधान विनता देवी और पूर्व उप प्रधान केशव सिंह को दी। इसके बाद प्रधान ने फोन पर इस वारदात बारे पुलिस थाना रैहन को सूचित किया। एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया है और साक्ष्य जुटाए हैं। मामले को लेकर जांच जारी है।