धर्मशाला बस स्टैंड में कोरोना संक्रमण से सुरक्षा को लेकर लोगों को मास्क वितरित करते कांगड़ा के ए?
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। रोजाना कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को जिला कागंड़ा में कोरोना संक्रमण के 219 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 25 संक्रमित मरीजों ने वायरस को मात दे दी है।
इस समय कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 925 पहुंच गए हैं। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि शनिवार को कृषि विश्वविद्यालय के 48 छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं फील्ड अस्पताल पालमपुर में 10 लोग, 26 तिब्बतियों और मस्सल कॉलेज के चार विद्यार्थी भी संक्रमण की चपेट में आए हैं।
इसके अलावा जसूर आईटीआई में नौ लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं सीएमओ कार्यालय धर्मशाला में भी एक कर्मी पॉजिटिव पाया गया है। उन्होंने बताया कि योल कैंट में कई सेना के जवान और उनके परिजन भी कोरोना संक्रमित हुए हैं और उसके अलावा जिला कांगड़ा के कई अन्य लोग पॉजिटिव आए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय कोरोना संक्रमण के मामले काफी ज्यादा आ रहे हैं, इसलिए लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं किसी में लक्षण पाए जाते हैं तो तुरंत अस्पताल जाकर अपनी कोरोना जांच करवाएं। इसके अलावा कोविड नियमों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा कि अभी तक जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के कुल 53420 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 51130 संक्रमित मरीजों ने वायरस को मात दे दी है। वहीं 1180 मरीजों की वायरस के कारण मौत हो गई है।