तीसा की 53 पंचायतों में 4300 गरीबों को नसीब होंगे अपने भवन
लाभार्थियों को 12 सितंबर से पहले पंचायत सचिवों के पास जमा करवाने होंगे जरूरी दस्तावेज
पंजीकरण के बाद होगी जियो टैगिंग, पहली किस्त के रूप में जारी किए जाएंगे 65 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
तीसा (चंबा)। उपमंडल में 4300 मकान हीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने मकान नसीब होंगे। 53 पंचायतों के तहत निर्धन परिवारों को ये मकान बनाने के लिए बजट आवंटित होगा। इसके लिए लाभार्थियों को 12 सितंबर से पूर्व अपने जरूरी दस्तावेज पंचायत सचिवों के पास जमा करवाने होंगे। दस्तावेज जमा होने के बाद लाभार्थियों का पंजीकरण करने के बाद जियो टैगिंग होगी। इसके बाद उन्हें 65 हजार रुपये की पहली किस्त जारी कर दी जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चुराह विधानसभा क्षेत्र के अधीन आने वाली पंचायतों के गांवों में कच्चे मकानों, मकान हीन परिवारों को अपनी छत नसीब होगी। इसके तहत वर्तमान समय में विकास खंड स्तर पर अब तेजी से कार्य चला हुआ है। चुराह विधानसभा की बात की जाए तो यहां की 53 पंचायतों की पौने दो लाख की आबादी में से सैकड़ों परिवारों के पास अपने मकान तक नहीं हैं।
ये परिवार जर्जर हो चुके मकानों, किराये के मकानों में ही जीवन-यापन करने को विवश हैं। ऐसे परिवारों के लिए पीएम आवास योजना किसी वरदान से कम नहीं होगी। योजना के तहत चुराह के 4300 परिवारों को मकान बनाने के लिए बजट उपलब्ध होगा। पंचायत सचिवों को लाभार्थियों को अपनी जमीन संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड और बैंक पास बुक की प्रति जमा करवानी होगी। इसके बाद पंचायत सचिवों की ओर से लाभार्थियों का पंजीकरण करवा कर उनकी जियो टैगिंग होगी। इसके बाद उनके खातों में 65 हजार रुपये की पहली किस्त पड़ेगी। दूसरी किस्त मकान की छत पड़ने पर 50 हजार रुपये और तीसरी किस्त के रूप में 35 हजार रुपये पड़ेंगे।
विकास खंड अधिकारी महेश चंद ने बताया कि चुराह विधानसभा की 53 पंचायतों में 4300 परिवार पीएम आवास योजना के तहत चयनित हुए हैं। इन्हें अपने जरूरी दस्तावेज 12 सितंबर तक पंचायत सचिवों के पास जमा करवाने होंगे। दस्तावेजों के आधार पर उनके पंजीकरण, जियो टैगिंग होगी। इसके बाद तीन किस्तों में मकान बनाने के लिए बजट मिलेगा।