राजा का तालाब (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र नूरपुर की सुखार पंचायत में जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षत वन मंत्री राकेश पठानिया ने की। जनमंच कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 43 मामले आए।
इनमें से 40 समस्याओं का निपटारा मौके पर कर दिया गया। शेष का निपटारा अगले 10 दिन के भीतर सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। जनमंच पर स्वास्थ्य तथा आयुष विभाग की ओर से आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में करीब 425 लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते राकेश पठानिया ने इसे समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज सुनने का प्रभावी मंच बताया।
कार्यक्रम में करीब 2000 लोगों ने भाग लिया। वन मंत्री ने बताया कि कांगड़ा जिले में वन विभाग की ओर से पहली अप्रैल से जायका प्रोजेक्ट (जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी) शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लागू होने से जहां वन क्षेत्र में वृद्धि होगी, वहीं ग्रामीण लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक डॉ. खुशहाल शर्मा, सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता, एसडीएम अनिल भारद्वाज, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता मोहिंद्र धीमान, जल शक्ति विभाग के अधीक्षक अभियंता राजीव महाजन, डीएसपी सुरिंद्र शर्मा, तहसीलदार सुरभि नेगी, बीडीओ श्याम सिंह, नायब तहसीलदार देशराज, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला कांगड़ा के अध्यक्ष अश्विनी कुमार, नूरपुर के अध्यक्ष राजेश सहोता सहित जिला के अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
डेढ़ घंटा देरी से पहुंचे वनमंत्री राकेश पठानिया
जनमंत्र के अध्यक्ष वन मंत्री राकेश पठानिया स्वयं एक घंटा 35 मिनट की देेरी से पहुंचे। ऐसे में फरियादियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कार्यक्रम में क्षेत्र की कुल 12 पंचायतों के लोग अपनी-अपनी फरियाद लेकर कार्यक्रम में पहुंचे थे। इनमें ग्राम पंचायत सुखार, चरुड़ी, अनोह, पंजाहड़ा, अगार, धनेटी, ग्योरा, भलेटा, कमनाला, जाच्छ, बासा वजीरां तथा बासा पंचायत के लोग शामिल थे। वन मंत्री राकेश पठानिया साढ़े दस बजे के कार्यक्रम में अंतत: 12 बजकर पांच मिनट पर पहुंचे।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे चेक
वन मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर एक बूटा बेटी के नाम पौधा भी रोपित किया। वहीं, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 96 महिलाओं को गैस कनेक्शन वितरित किए। इसके अतिरिक्त छह दिव्यांगों को व्हील चेयर और अन्य उपकरण भेंट किए। बेटी है अनमोल योजना के तहत 10 बेटियों को एफडीआर तथा मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत पांच बेटियों की शादी के लिए 31000-3100 रुपये की राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने इस मौके पर 23 लाभार्थियों को आपदा राहत राशि तथा मुख्यमंत्री राहत राशि के 20 लाख रुपये के चेक भी वितरित किए।