धर्मशाला। राज्य आबकारी विभाग ने जिले में शराब के 42 ठेकों को सील कर दिया है। यह सख्त कार्रवाई उन शराब कारोबारियों के खिलाफ की गई है, जिन्होंने तय समय पर लाइसेंस शुल्क का भुगतान नहीं किया। विभाग के मुताबिक इन शराब कारोबारियों पर करीब 7.28 करोड़ रुपये बकाया है। कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां समेत विभिन्न स्थानों पर स्थित 38 शराब की दुकानों से 5.62 करोड़ रुपये, जबकि सात अन्य शराब की दुकानों से 1.66 करोड़ रुपये लाइसेंस शुल्क के रूप में लेने को हैं। जिले में शराब के कुल 114 ठेके हैं।
यह कार्रवाई सोमवार को हुई, जब विभाग ने इन कारोबारियों को लाइसेंस शुल्क जमा करने के लिए मोहलत दी थी। निर्धारित समय तक भुगतान न होने पर ठेकों को सील कर दिया गया। खास बात यह है कि ये दुकानें वे हैं, जिनकी नीलामी इसी साल मार्च-अप्रैल में नहीं हो पाई थी। इसके बाद विभाग ने इन दुकानों को अस्थायी रूप से हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम को सौंप दिया था। अगस्त में सरकार के निर्देश पर इन दुकानों को नीलामी के माध्यम से शराब कारोबारियों को फिर से आवंटित किया गया लेकिन अब दो माह से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी लाइसेंस शुल्क का भुगतान न होने से ये ठेके विभाग और सरकार के लिए सिरदर्द बन गए हैं। शराब कारोबारी इस स्थिति के लिए बरसात के मौसम को दोषी ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि अत्यधिक बारिश और बारिश से हुए नुकसान के कारण पर्यटकों और पर्यटन कारोबारियों का कारोबार मंदा पड़ा था। इस कारण शराब की बिक्री बहुत कम हुई। वहीं, विभाग का कहना है कि यदि शराब कारोबारी निर्धारित लाइसेंस शुल्क का भुगतान कर देते हैं, तो उन्हें यह शराब ठेके फिर से संचालन के लिए सौंपे जा सकते हैं।
इस मामले पर उप आयुक्त राज्य आबकारी प्रेम सिंह कैथ ने बताया कि कांगड़ा जिले के इन 42 शराब ठेकों को लाइसेंस शुल्क का भुगतान न होने के कारण सील किया गया है।