अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के घेरा से पलूण-सुक्खूघाट के लिए शीघ्र ही सड़क सुविधा मिलेगी। सोमवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा किया। साथ ही गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने की संभावनाएं देखीं। सड़क के मुआयने के लिए गांव में आए लोनिवि के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ ही बातचीत भी की।
शाहपुर विस की कुठारना पंचायत के सेर, फलौथा, सेल, चमियारा और मावा गांव में सड़क सुविधा न होने से गांव के लोगों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया था। साथ ही चुनाव आयोग से सुक्खूघाट पोलिंग स्टेशन को रद्द करने की भी मांग उठाई थी। लोगों के विरोध के बाद हरकत में आए चुनाव आयोग के आदेशों के बाद प्रशासन ने लोनिवि को शीघ्र सड़क बनाने के आदेश दिए थे। इसके बाद लोनिवि ने गांव के लोगों को लिखित रूप में सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। लोनिवि के आश्वासन के बाद गांव के लोगों ने मतदान में भाग लेने की बात कही थी। इसके बाद सुक्खूघाट पोलिंग स्टेशन में 71 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था। स्थानीय लोगों केवल सिंह, राजीव कुमार, पवन कुमार, रविंद्र, कुमार, अश्वनी कुमार, सुरजीत, आश्रय, प्रमोद कुमार, विजय कृष्ण, अर्जुन, गोविंद सिंह, हरनाम, सूरज कुमार और राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र के करीब तीन हजार लोगों को सड़क सुविधा न होने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गांव में सड़क निर्माण होने से जहां लोगों की कई समस्याएं दूर होंगी, वहीं आपात स्थिति में भी सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।