धर्मशाला। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों के संबंध में उपायुक्त कार्यालय में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने की। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 18 सितंबर को मनाया जाएगा। एडीसी ने अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और जनता से भी इस अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा छूट न पाए।
जिले में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग तीन लाख 72 हजार बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। दो से पांच वर्ष तक के नन्हें बच्चों को कृमिनाशक दवा के साथ विटामिन-ए की खुराक भी पिलाई जाएगी। ये दवाइयां सभी सरकारी व निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से निशुल्क वितरित की जाएंगी।
पोषण और संपूर्ण विकास के लिए जरूरी है कृमि मुक्ति
एडीसी ने बताया कि कृमि मुक्ति बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ एनीमिया (खून की कमी) की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजना का विवरण प्रस्तुत किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दुष्यंत ने बताया कि 18 सितंबर को सभी प्री-स्कूल और स्कूली बच्चों को एल्बेंडाजोल की निर्धारित खुराक दी जाएगी।