‘हम फौजी देश की धड़कन हैं’ पर झूमा नढोली स्कूल
वार्षिक समारोह में पंचायत प्रधान ने नवाजे मेधावी छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
लंज(कांगड़ा)। राजकीय उच्च विद्यालय नढोली में वार्षिक समारोह मनाया गया। समारोह में पंचायत प्रधान नढोली राजेश्वर परमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह में एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों रजत, अंकित और दोस्तों ने हम फौजी इस देश की धड़कन हैं और सुमिति, पल्लवी, अंजली और दोस्तों के ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी पर अपनी प्रस्तुति से पंडाल में मौजूद लोगों की आंखों को नम कर दिया। अंत में स्कूल के मुख्य अध्यापक कल्पित कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और मुख्यातिथि ने मेधावी बच्चों अभिषेक, सुमिति, नेहा, हिताक्षी, अभिषेक कुमार और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले बच्चों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह के सफल आयोजन के लिए रामेश्वर परमार ने 5100 रुपये, उप प्रधान अनील जरियाल ने 2100 रुपये और मुख्याध्यापक ने 5100 रुपये दिए। इस मौके पर पंचायत प्रधान पंचायत निधि से स्कूल परिसर में सोलर लाईट हैंडपंप पर मोटर लगवाने व स्कूल को चहारदीवारी लगवाने की बात कही। इस मौके पर समस्त बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।