धर्मशाला। मारपीट के आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से भड़के ढुगियारी के बाशिंदों ने शनिवार को गगल पुलिस थाने का घेराव किया। ग्रामीणों का आरोप था कि मारपीट मामले में पुलिस कोई भी उचित कार्रवाई नहीं कर पाई है।
पुलिस अब तक न तो मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार कर सकी है और न ही उनके खिलाफ कोई उचित कार्रवाई अमल में लाई गई है। मारपीट के इस मामले को लेकर ग्रामीण इससे पहले जिलाधीश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके मारपीट के आरोपियों पर आज दिन तक कोई भी कार्रवाई अमल में लाई जा सकी है। वहीं शनिवार को पुलिस थाना गगल के हुए घेराव में 50 के करीब लोग शामिल हुए। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने आज दिन तक मारपीट के दौरान पुल से गिराए जाने वाले छोटे बच्चे के बयान दर्ज नहीं किए हैं। इसके अलावा आरोपियों की शिनाख्त करने के बाद भी उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।
यह था मामला
25 अक्तूबर शाम 6 बजे ग्राम पंचायत ढुगियारी की राजकुमारी (58) परिवार के साथ अस्पताल जा रही थी कि चैतड़ू पुल पर रास्ते में लाल रंग की गाड़ी में बैठे अनजान लोगों ने उनका रास्ता रोक उनके साथ मारपीट की थी। इस दौरान उनके पोते को पुल से फेंकने की कोशिश की गई। इसके बाद यह मामला पुलिस के समक्ष पहुंचा। लेकिन आज दिन तक इस संदर्भ में मामला पुलिस में दर्ज करवाने के बाद भी आज दिन तक न तो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और न ही कोई कार्रवाई अमल में लाई गई।