धर्मशाला। सोशल मीडिया पर फर्जी संदेश भेजने वालों ने शनिवार को अभिभावकों और विद्यार्थियों को खूब परेशान किया। दरअसल जिला प्रशासन के नाम से 25 अगस्त को शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी के फर्जी संदेश वायरल कर दिए गए। अभिभावक भी असमंजस में पड़ गए कि कहीं आज भी कहीं छुट्टी तो नहीं।
शरारती तत्वों ने उपायुक्त कांगड़ा के फेसबुक पेज पर अपलोड संदेश को संपादित करके 25 अगस्त की छुट्टी का हवाला देकर उसे फारवर्ड कर दिया। संदेश तीव्रता से फैला। इससे स्कूली बच्चों और अभिभावकों में छुट्टी को लेकर असमंजस पैदा हो गया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों को छुट्टी की घोषणा की पुष्टि के लिए फोन आने शुरू हो गए। ऐसे में जिला प्रशासन को एक अन्य संदेश जारी करना पड़ा, जिसमें 25 अगस्त को छुट्टी न होने की सफाई दी गई।
उधर, उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया में जारी फर्जी संदेश की वजह से 25 अगस्त को छुट्टी को लेकर असमंजस फैल गया था। हालांकि, प्रशासन ने इस संदेश को फैलने से रोकने के लिए तुरंत छुट्टी न होने का संदेश जारी किया था।