धर्मशाला। हिमाचल सरकार में कैबिनेट मंत्री का दायित्व ग्रहण करने के बाद शनिवार को गृह नगर पहुंचे उद्योग मंत्री किशन कपूर का शहरवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। दोपहर के समय जैसे ही लोगों को सूचना मिली कि मंत्री माता बगलामुखी मंदिर बनखंडी में पूजा अर्चना के बाद धर्मशाला के लिए निकल गए हैं, उनके स्वागत के लिए रानीताल में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मंदिर में पूजा अर्चना के दौरान किशन कपूर की पत्नी रेखा कपूर भी उनके साथ रहीं। लोगों ने रानीताल से धर्मशाला तक जगह जगह मंत्री का काफिला रोक के फूल मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
दोपहर करीब तीन बजे बगली, चैतड़ू और घणा में पहले से मंत्री का इंतजार कर रहे लोगों ने उनके पहुंचने पर पटाखे चलाए और बैंड और नगाड़ों की स्वर लहरियों एवं देशभक्ति के नारों के साथ उनका अभिवादन किया। इसके बाद मंत्री खुली जीप में सवार होकर विनम्रता से लोगों का अभिवादन स्वीकार करते एवं उनका आभार जताते हुए काफिले के साथ कचहरी अड्डा चौक धर्मशाला पहुंचे । मंत्री के पहुंचते ही पहले से ही इंतजार में खड़े स्थानीय नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश की लहर फैल गई। सभी ने जोशीले नारों एवं फूलों के साथ मंत्री का जोरदार स्वागत किया ।
जनसमूह में किशन कपूर ने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धर्मशालावासियों के विश्वास और स्नेह के कारण ही वह पांचवीं बार हिमाचल विधानसभा के लिए चुने गए हैं। उन्हें तीसरी बार मंत्री के तौर पर जनता की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वह हृदय से धर्मशाला के लोेगों के ऋणि हैं। किशन कपूर ने कहा कि भ्रष्टाचार एवं भय मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
कपूर पहली जनवरी को अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर नव वर्ष के प्रथम दिन उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में प्रात: 11 बजे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। मंत्री क्षेत्र में विकास योजनाओं पर चर्चा के अलावा जनहित के अन्य मामलों पर अधिकारियों से बात करेंगे।