अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में इस साल सर्दियों के लिए अब तक 135 क्विंटल राशन पहुंचाया जा चुका है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से यह राशन बड़ा भंगाल पहुंचाया गया है।
जानकारी के मुताबिक शेष बचे राशन को मौसम खराब रहने और थमसर दर्रे पर बर्फबारी होने के चलते नहीं पहुंचाया जा सका है। बैजनाथ प्रशासन के मुताबिक बड़ा भंगाल की कुल आबादी 371 में से वर्तमान समय में वहां करीब 30 लोग निवास कर रहे हैं, जबकि शेष लोग सर्दियों के मौसम में बीड़ आ चुके हैं। ऐसे में शेष लोगों को अब बीड़ में राशन मुहैया करवाया जाएगा। काबिलेजिक्र है कि हर साल सर्दियों में बड़ा भंगाल के अधिकांश लोग बीड़ आ जाते हैं और सर्दियां खत्म होने के बाद बड़ा भंगाल लौटते हैं। ऐसे में बड़ा भंगाल में पूरा साल रहने वाले लोगों के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग प्रशासनिक सहयोग से राशन सामग्री को बड़ा भंगाल पहुंचाता है।
बीड़ में वितरित होगा शेष राशन : एसडीएम
बैजनाथ के एसडीएम डॉ. मुरारी लाल ने बताया कि बड़ा भंगाल में रह रहे लोगों के लिए इस साल करीब सवा क्विंटल राशन पहुंचाया जा चुका है, जबकि शेष राशन को बीड़ में रह रहे बड़ा भंगाल के लोगों को जल्द वितरित करवाया जाएगा।