अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला/बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला भर में प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने दुकानों में औचक निरीक्षण किया। इस अभियान के तहत इंदौरा में दुकानों से 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा अन्य दुकानों में दबिश देकर गली-सड़ी सब्जी जब्त की है। वहीं, धर्मशाला में प्रोवेशनल एसडीएम की अगुवाई में दाड़ी सहित अन्य बाजारों में निरीक्षण किया गया। इसके अलावा बैजनाथ और पपरोला में सब्जी व्रिकेताओं, ढाबों, होटलों और मीट व्रिकेताओं की दुकानों में भी दबिश दी गई। इस दौरान टीम ने सभी कारोबारियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम के साथ आई निरीक्षिका मीरा बाई ने उपरोक्त दुकानों पर कई खामियों के चलते विभिन्न विक्रेताओं से 12 हजार रुपये का जुर्माना कर मौके पर वसूला। इसके अलावा उन्होंने गली सड़ी 250 किलो सब्जियां और फलों को भी जब्त किया। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश जारी किए। इसके अलावा ढाबों और होटल मालिकों को घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग नहीं करने की हिदायतें दी गईं। इस दौरान उनके साथ मंजीत और तरुण सूद भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विभाग का यह अभियान जारी रहेगा।
-सभी सब्जी, फल व करियाना कारोबारियों को रेट लिस्ट लगाकर सामान बेचने की हिदायत दी गई है। नियमों का पालन न करने वाले कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-राजीव शर्मा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक