धर्मशाला। महंगे ब्रांडेड मोबाइल फोन की डीलरशिप (फ्रेंचाइजी) दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये ठगने का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस थाना बैजनाथ के तहत शातिरों ने एक महिला और उसके बेटे को अपने जाल में फंसाकर उनसे कुल 31.51 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता और पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ग्राम खलेनु (डाकघर बंदियां) की निवासी सत्या देवी ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि 6 मार्च 2022 को महाकाल में उनके बेटे की मुलाकात कुदैल निवासी कपिल ठाकुर से हुई थी। कपिल ने खुद को सैमसंग और वन प्लस जैसी नामी कंपनियों की फ्रेंचाइजी/डीलरशिप का मालिक बताया। उसने झूठा आश्वासन दिया कि वह उन्हें भी इन कंपनियों की डीलरशिप दिलवा सकता है।
झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग समय पर ऑनलाइन और बैंक माध्यमों से कुल 31.51 लाख रुपये आरोपी कपिल ठाकुर और उसके पिता के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। इतना ही नहीं कंपनी की औपचारिकताओं (पेपरवर्क) की आड़ में शातिरों ने सत्या देवी और उसके बेटे के आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी भी ले ली।
समय बीत जाने के बाद जब पीड़ितों ने डीलरशिप के दस्तावेज मांगे या पैसे वापस करने को कहा तो आरोपी आनाकानी करने लगे। आरोप है कि उन्होंने फर्जी बैंक स्टेटमेंट दिखाए और जब दबाव बनाया गया तो वे दुर्व्यवहार और जान से मारने की धमकियां देने पर उतारू हो गए। ठगी का अहसास होने पर सत्या देवी ने मंगलवार को पुलिस की शरण ली।
शिकायतकर्ता सत्या देवी के बयान के आधार पर आरोपी कपिल ठाकुर और उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। -बीर बहादुर, एएसपी, कांगड़ा