पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश के करीब छह जिलों में पूर्व सैनिकों को विस चुनाव में टिकट न मिलने से पूर्व सैनिक लीग पालमपुर ने रोष जताया है। लीग का कहना है कि इन जिलों में पूर्व सैनिक और उनके परिवारों की पचास प्रतिशत जनसंख्या है। फिर भी पूर्व सैनिकों की अनदेखी की गई। इस बात से खफा लीग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को प्रस्ताव भेज कर अपना रोष जताया है।
अवकास प्राप्त लीग पालमपुर के अध्यक्ष सीडी सिंह गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश में कांगड़ा, हमीरपुर, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर और लाहुल स्पीति जिलों में पूर्व सैनिक और उनके परिवारों की जनसंख्या करीब 50 प्रतिशत है, लेकिन इन जिलों में एक भी पूर्व सैनिक को टिकट नहीं दिया गया। इससे पूर्व सैनिकों के परिवारों में रोष है। इसमें पूर्व सैनिकों के साथ अर्धसैनिक बलों के परिवार भी हैं। विस चुनावों में न तो कांग्रेस और न भाजपा ने किसी भी पूर्व सैनिक को टिकट दिया है, जबकि जिला कांगड़ा में तीन और बिलासपुर में एक परमवीर चक्र विजेता का परिवार है। देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन सैनिकों और उनके परिवारों की अनदेखी की गई है। इन पूर्व सैनिकों को चुनाव में टिकट न देकर तरजीह न देना लोकतंत्र की हत्या
है। इसे लेकर इन दलों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
---