चामुंडा (कांगड़ा)। श्री चामुंडा स्थित नंदिकेश्वर धाम श्मशानघाट में गैस भट्टी पर अंतिम संस्कार के लिए अब परिजनों को 3000 रुपये की सहयोग राशि देनी होगी। श्मशानघाट कमेटी की बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया है। कमेटी के संरक्षक केवल सोनी ने बताया कि एकत्रित राशि का उपयोग श्मशानघाट के रखरखाव और विभिन्न विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष रमेश चौधरी ने बताया कि बैठक में जनहित और श्मशानघाट की व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आश्वस्त किया कि पारंपरिक संस्कार के लिए भी लकड़ी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शोक संतप्त परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही सदस्यों की सहमति से श्मशानघाट परिसर में जल्द सुरक्षा दीवार लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
कमेटी सदस्यों ने आसपास की सभी पंचायतों के लोगों से अपील की है कि वे अंतिम संस्कार के लिए गैस भट्टी का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे पर्यावरण का बचाव होगा, समय व धन की बचत होगी और लकड़ियों की किल्लत से भी निजात मिलेगी। बैठक में केसी कटोच, अयोध्या कुमार, पवन सूद, ईश्वर शर्मा, रजिंद्र सिंह, जगदीश चंद, कुलदीप, प्रीतम सिंह, मनमोहन सिंह, पवन कुमार, धर्मपाल, बलदेव सिंह अंगारिया और अशोक कुमार धीमान सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।