नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। बॉय स्कूल नगरोटा बगवां के समीप एक तेज रफ्तार टिपर की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
घायल वनीता देवी निवासी चाहड़ी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपनी भतीजी शिवानी के साथ काम पर जा रही थीं। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वे बॉय स्कूल गेट के पास पहुंचीं, तो बस स्टैंड की तरफ से आए एक तेज रफ्तार टिपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वनीता देवी के सिर, टांग और बाजू में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद चालक बिना रुके टिपर लेकर मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और एक ऑटो चालक की मदद से घायल महिला को तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि पीड़िता के बयानों के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक और वाहन की पहचान की जा सके।