धर्मशाला। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) भवन धर्मशाला में रविवार को आयोजित विशेष ओपीडी में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 30 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें परामर्श दिया। इस दौरान विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों को बिना टांडा मेडिकल कॉलेज गए ही स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब हर रविवार को धर्मशाला में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी आयोजित की जाएगी। इससे मरीजों को लंबी दूरी तय कर टांडा जाने की परेशानी से राहत मिलेगी और समय पर उपचार भी सुनिश्चित हो सकेगा। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होने से गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव होगा।
विशेष ओपीडी में टांडा मेडिकल काॅलेज के सर्जन डॉ. अंकित शुक्ला, एमडी मेडिसिन एवं बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पिंंद्र और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. आशू ने चिकित्सा सेवाएं दीं।
अध्यक्ष ने बताया कि यह सेवा विशेष रूप से उन लोगों के लिए है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या सप्ताह के दिनों में काम के कारण बड़े अस्पतालों में नहीं जा पाते। ओपीडी का समय हर रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे हर रविवार को निशुल्क विशेष ओपीडी का लाभ उठाएं।