ज्वालामुखी मंदिर में रविवार को देवी दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब।-संवाद
ज्वालामुखी/कांगड़ा/चामुंडा। रविवार की छुट्टी और अंतरराष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम धर्मशाला में चल रहे आईपीएल मैच के चलते हजारों श्रद्धालु जिले के शक्तिपीठों में दर्शन करने पहुंचे। तीन मंदिरों में लगभग 36,500 श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। ज्वालामुखी मंदिर में 28,000, कांगड़ा के बज्रेश्वरी मंदिर में 2500 और श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 6,000 श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे।
श्री ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। तड़के से ही मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। 5 बजे से ही मंदिर के मुख्य द्वार पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से पहुंचे भक्तों ने मां ज्वाला की पावन ज्योतियों के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल और पुजारी सभा प्रधान अविनेद्र शर्मा ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा व व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से गर्भगृह तक पहुंचाया गया।
वहीं, श्री चामुंडा मंदिर में भी मैच के चलते बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ज्यादातर श्रद्धालु उत्तर प्रदेश से मौजूद रहे। इस दौरान जिलाधीश कांगड़ा एवं मंदिर आयुक्त हेमराज बैरवा आदि हिमानी चामुंडा पहुंचे तथा वहां चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।