कलियाड़ा में ओबीसी भवन का उद्घाटन करते हुए उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया।
शाहपुर (कांगड़ा)। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को कल्याड़ा में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने 2 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान के मंच की आधारशिला भी रखी। 15 लाख रुपये खेल मैदान के सौंदर्यीकरण और अन्य कार्यों पर खर्च होंगे।
विधायक पठानिया ने कहा कि कल्याड़ा क्षेत्र में लोगों को बेहतर सड़क सुविधा प्रदान करने के लिए 51 लाख रुपये से बनोई-कल्याड़ा-घरोह सड़क पर फिर से टारिंग की गई है। इस क्षेत्र की विभिन्न पेयजल योजनाओं पर लगभग 2.50 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए 17 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। भविष्य में छह लाख रुपये और खर्च किए जाएंगे।
कल्याड़ा में बच्चों के लिए पुस्तकालय स्थापित करने की घोषणा
विधायक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्याड़ा के वार्षिक पारितोषिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक और प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विधायक पठानिया ने घोषणा की कि वह कल्याड़ा में बच्चों के लिए एक पुस्तकालय स्थापित करेंगे, ताकि यहां के बच्चे घर के पास ही अपनी पढ़ाई और अन्य तैयारी कर सकें। उन्होंने छठी कक्षा के दिव्यांग बच्चे प्रिंस को 1200 रुपये की नगद राशि दी और स्कूल प्रबंधन द्वारा भेंट की गई वस्तुओं को भी उन्हें सौंपा। इसके अलावा, उन्होंने प्रिंस के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहे उपचार का सारा खर्च खुद उठाने का वचन दिया।