धर्मशाला। डल झील में सोमवार को राधा अष्टमी पर पवित्र न्हौण होगा। इस बार न्हौण के लिए प्रशासन और दुर्गेश्वर महादेव मंदिर ने विशेष प्रबंध किया है। डल झील में न्हौण के लिए इस बार महिलाओं के लिए दो स्नानागार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भागसूनाग में भी स्नान होगा।
वहीं, मैक्लोडगंज में मेला लगेगा। पूरे आयोजन के लिए पुलिस के 30 जवानों को सुरक्षा का विशेष जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा मैक्लोडगंल पुलिस सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था पर नजर रखेगी। उधर, एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रामोत्रा ने कहा कि डल झील के न्हौण की तैयारियां पूरी हो गई है। इस बार महिलाओं के लिए दो स्नानागार की व्यवस्था की गई है।
एचआरटीसी चलाएगा तीन अतिरिक्त बसें
एचआरटीसी धर्मशाला डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने कहा कि डल झील में होने वाले न्हौण के लिए तीन अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। निगम की बसें सुबह साढ़े चार बजे से शुरू होंगी, जिससे पवित्र स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। इसके अलावा अगर जरूरत हुई तो निगम बसों की संख्या को बढ़ा भी सकता है।
टेंगल बोर्ड से आगे नहीं जाएंगे बड़े वाहन
न्हौण के चलते टेंगल बोर्ड से आगे बड़े वाहनों को नहीं भेजा जाएगा, ताकि जाम न लगे। चर्च से जाने वाले संपर्क मार्ग पर वाहनों की पूरी तरह आवाजाही बंद रहेगी।
एएसपी ने लिया जायजा
एएसपी दिनेश शर्मा ने कहा कि डल झील में होने वाले न्हौण को लेकर पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयार की है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 30 के करीब पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इनमें महिलाओं की संख्या को बढ़ाया गया है। साथ ही चर्च से डल झील पहुंचने वाले मार्ग को वाहनों के लिए प्रतिबंधित किया गया है।
न्हौण का महत्व
कहा जाता है कि जो श्रद्धालु मणिमहेश झील में नहीं जा पाते हैं। वे इस डल झील में स्नान कर पुण्य कमाते हैं। न्हौण में कांगड़ा सहित आसपास के जिलों के हजारों श्रद्धालु शिरकत करते हैं। प्रशासन और दुर्गेश्वर महादेव मंदिर की ओर से भंडारा भी लगाया जाता है। राधा अष्टमी के न्हौण का शुभ मुहूर्त रविवार सांय 3.55 से सोमवार सांय पौने छह बजे तक है।