धर्मशाला। जिप उपाध्यक्ष का पद कब्जाने के लिए भाजपा ने धर्मशाला में फील्डिंग सजा दी है। भाजपा ने अपने चार मंत्रियों को फील्ड में उतार दिया है। इसी मकसद से रविवार शाम को सर्किट हाउस में भाजपा के मंत्री, विधायक, नेता और जिप सदस्य बैठक करते रहे।
दरअसल कांगड़ा जिला परिषद के नए उपाध्यक्ष के लिए सोमवार को चुनाव होगा। अंतिम दिन भी भाजपा और कांग्रेस ने उपाध्यक्ष के नामों के पत्ते नहीं खोले। लेकिन, प्रदेश में सरकार होने के कारण भाजपा के लिए जिला परिषद के उपाध्यक्ष का चुनाव जीतना साख बन गया है। रविवार देर शाम तक धर्मशाला में भाजपा के आला नेता जिला परिषद सदस्यों के साथ बैठक करते रहे। परिधि गृह धर्मशाला में पंचायती राज मंत्री विरेंद्र कंवर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, विधायक मुल्ख राज प्रेमी, जयसिंहपुर के रवि धीमान सहित कांगड़ा जिला के अन्य भाजपा नेताओं का जमावड़ा रहा। एक सदस्य ने बताया कि मंत्रियों के साथ हुई बैठक में 32 सदस्यों ने भाग लिया। अब मतदान में देखना होगा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार को कितने वोट मिलते हैं।
आंकड़ों से यूं समझें
जिला परिषद कांगड़ा के सदन में कुल 55 सदस्य हैं। अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित मधु गुप्ता का कब्जा है। अध्यक्ष पद के लिए भी मतदान हुआ था। उस समय भाजपा समर्थित मधु गुप्ता अध्यक्ष और मेजर विजय सिंह मनकोटिया के समर्थक गगन ठाकुर उपाध्यक्ष बने थे।