दुराचार के आरोपियों की जल्द होगी शिनाख्त परेड
पीड़ित लड़की करेगी आरोपियों की पहचान
धरोट के जंगलों में अप्रैल में किया था दुराचार
अमर उजाला ब्यूूरो
पालमपुुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर के धरोट के जंगलों में हुए गैंगरेप के आरोपियों की अब जल्द शिनाख्त परेड करवाई जाएगी। पुलिस इन आरोपियों की शिनाख्त अब पीड़ित नाबालिग लड़की से करवाएगी। आरोपियों की शिनाख्त के लिए पुलिस को न्यायालय से परमिशन मिल गई है।
26 अप्रैल को धरोट के जंगलों में एक नाबालिग लड़की के साथ पांच युवकों पर दुराचार के आरोप लगे थे। इसमें दो आरोपी नाबालिग हैं। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज किया है। लड़की अपने दोस्त के साथ गढ़ मंदिर गई थी, जब वापसी में वह अपने दोस्त के साथ सड़क किनारे बैठी थी तो आरोपियों ने पहले लड़की के दोस्त के साथ मारपीट की और उसे बांध दिया। बाद में ये आरोपी इस लड़की को खींचकर नीचे जंगल में ले गए थे, जहां पर उन्होंने दुराचार की वारदात को अंजाम दिया। घटना के दूसरे दिन लड़की ने परिजनों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी थी। इस पर पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लड़की की शिनाख्त के बाद ही पता चल पाएगा कि कितने युवकों ने लड़की से दुराचार किया था। पांच में से दो नाबालिग आरोपी अभी ऊना में जुबेनाइल जेल में हैं तो अन्य तीन न्यायिक हिरासत में हैं। उधर, एसपी संतोष पटियाल ने कहा कि आरोपियों की जल्द शिनाख्त परेड करवाई जाएगी। न्यायालय से इसकी अनुमति मिल गई है।