अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक संघ ने नगरोटा बगवां खंड विकास कार्यालय के तहत जिला परिषद कैडर में सेवाएं दे रहे नियमित और अंशकालिक सचिवों, पंचायत सहायकों और अन्य तकनीकी कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने पर रोष व्यक्त किया है।
संघ के राज्य कोर कमेटी के उपाध्यक्ष अमित जसरोटिया ने कहा कि नगरोटा बगवां खंड के तहत उक्त वर्ग को यदि हर महीने समय पर वेतन का भुगतान नहीं हो पाता है, तो संघ को विवश होकर हड़ताल करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि फरवरी महीने का वेतन 12 मार्च तक नहीं मिला है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर से इस वर्ग को प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में ही वेतन का भुगतान करने की मांग की है। उधर, विकास खंड अधिकारी डॉ. जगदीप सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की सत्यापित मासिक हाजिरी रिपोर्ट समय पर प्राप्त न होना वेतन में विलंब का कारण है। विभाग के प्रत्येक पंचायत सचिव और पंचायत सहायक की मासिक हाजिरी रिपोर्ट प्रधान सत्यापित कर प्रत्येक माह की प्रथम या दो तारीख तक कार्यालय में सुनिश्चित करने को कहा है ताकि उनका वेतन माह के प्रथम सप्ताह में ही दिया जा सके। जिन पंचायतों के सचिवों और पंचायत सहायकों ने इस माह की अपनी हाजिरी को सत्यापित कर कार्यालय में भिजवाया है, उनका वेतन बनाया जा रहा है।