अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। हस्तशिल्प कला को विश्व स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रदेश हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम जल्द वेबसाइट लांच करने जा रहा है, ताकि इसके उत्पाद को विश्व स्तर पर बेचा जा सके। इसके लिए निगम के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल पालमपुर में विभिन्न संस्थानों में स्वयं जाकर हथकरघा कार्य में प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से मिले।
कटवाल ने कहा कि हस्तशिल्प उत्पादों को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रदेश भर में प्रदर्शनियां लगाएंगे। साथ ही उत्पाद की बिक्री विश्व में बढ़े, इसके लिए ऑनलाइन बिक्री के लिए वेबसाइट का निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं। वेबसाइट के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों के अच्छे दाम मिल सकेंगे। कटवाल ने पालमपुर के धरेड़ गांव जाकर गद्दी चोला और डोरा बनाने का प्रशिक्षण ले रही महिलाओं और खिलडू गांव में रजनी हथकरघा केंद्र में प्रशिक्षण ले रहीं 50 महिलाओं से संवाद कर इस कला को आगे बढ़ाकर आजीविका से जोड़ने का आह्वान किया। बीड़ में हैंडलूम वीविंग डिजाइनिंग और डाइंग के संवर्धन के लिए तीन साल में 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 300 लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा। पालमपुर में खिलौना केंद्र की दशा को सुधार कर केंद्र में खिलौने बनाने का प्रशिक्षण निगम जल्द शुरू करने जा रहा है। इस मौके पर निगम के संचालक राजेंद्र कुमार, सेल्स प्रबंधक देशराज कपूर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा, आंचल राणा, एससी मोर्चा अध्यक्ष अजय कबीर, युवा मोर्चा जिला महामंत्री पवन सूत, युवा मंडल अध्यक्ष शेर सिंह, राख के उपप्रधान राजेश गुलेरिया, जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ कुलदीप भट्ट, जय किशन, परमजीत, त्रिलोक कुमार, सुनील कुमार, कमलेश कुमारी और अनूप कल्हण मौजूद रहे।