ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेलों के सातवें दिन मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शनों के लिए भारी भीड़ उमड़ी। रविवार को श्रद्धालुओं की लंबी कतारें बस स्टैंड तक पहुंच गईं। भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। रविवार को भारी संख्या में बाहरी राज्यों पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, दिल्ली से श्रद्धालु मैया के जयकारे लगाते हुए पहुंचे। दिनभर करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश। मंदिर अधिकारी डॉ. अशोक पठानिया, सहायक मंदिर अधिकारी अमित गुलेरी, वरिष्ठ कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार की टीम स्वयं मंदिर में श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन सुविधा देने के लिए प्रयासरत हैं और मंदिर परिसर की हर गतिविधि को सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है
सुरक्षा के प्रंबध पुख्ता : डीएसपी
ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता प्रंबध किए गए हैं। डीएसपी ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। श्रद्धालुओं को कड़ी सुरक्षा के बीच सुविधाजनक दर्शन करवाए जा रहे हैं। बस स्टैंड में यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है।
डॉ. बीएल विंटा ने भी नवाया शीश
डायरेक्टर हायर एजुकेशन डॉ. बीएल विंटा ने भी रविवार को मां ज्वाला के दरबार में शीश नवाया उन्हें पुजारी पार्वती शर्मा ने विधिवत पूजा अर्चना करवाई और मां का सिरोपा और फोटो स्मृति चिन्ह के रूप में दिया। इस अवसर पर मंदिर अधिकारी डॉ. अशोक पठानिया विशेष रूप से मौजूद रहे।