धर्मशाला, पालमपुर, नूरपुर और ज्वालाजी में होगी मतगणना: संदीप
उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई मतगणना की तैयारियों की समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कांगड़ा जिला में मतगणना के लिए चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसी कड़ी में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने धर्मशाला और पालमपुर में निर्धारित मतगणना केंद्रों में आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि धर्मशाला डिग्री कॉलेज में धर्मशाला, कांगड़ा, नगरोटा बगवां और शाहपुर हलके की मतगणना होगी। इसके साथ ही पालमपुर डिग्री कॉलेज में पालमपुर, बैजनाथ, सुलह, जयसिंहपुर हलके की, आर्य डिग्री कॉलेज में नूरपुर, जवाली, इंदौरा, फतेहपुर और ज्वालाजी डिग्री कॉलेज में ज्वालाजी हलके की मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों में चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के मुताबिक आवश्यक प्रबंध करने के लिए कहा गया है और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था प्लान भी तैयार कर लिया गया है। मतगणना केंद्र से सौ मीटर की दूरी तक आमजन मानस की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से उचित प्रबंध भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को प्रवेश पहचान पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्रों में मीडिया सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों एवं एजेंट्स के लिए खानपान की भी उचित व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त ईवीएम के रखरखाव के लिए स्ट्रांग रूम भी तैयार किए गए हैं और कड़ी सुरक्षा प्रबंधों में स्ट्रांग रूम की निगरानी की जाएगी। मतगणना केंद्रों में विद्युत, पेयजल की उचित व्यवस्था के प्रबंध करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं इसके अतिरिक्त मतगणना केंद्रों के नजदीक पार्किंग इत्यादि के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से प्लान तैयार किया जा रहा है। इस अवसर पर डीआईजी संतोष पटियाल, एडीसी राघव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।