धर्मशाला। जिला मुख्यालय में अब बाहर से आने वाले लोगों और सैलानियों की पार्किंग की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। शीतकालीन सत्र के दौरान स्मार्ट सिटी धर्मशाला को दो पार्किंगों का तोहफा मिलेगा। उपायुक्त कार्यालय परिसर और मिनी सचिवालय परिसर में बने पार्किंग स्थलों का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। इसके अलावा उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट और कैफेटेरिया का लोकार्पण भी किया जाएगा।
इसके लिए पार्किंग, गेट और कैफेटेरिया के निर्माण कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बता दें कि धर्मशाला में उपायुक्त कार्यालय, मिनी सचिवालय और अन्य विभागीय कार्यालयों में काम करने आए लोगों को पार्किंग की समस्या से जूझना पड़ता है, लेकिन अब दो बड़े पार्किंग स्थल विकसित होने से वाहन चालकों को पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी। उधर, उपायुुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने कहा कि पार्किंग स्थल, मुख्य गेट व कैफेटेरिया का काम लगभग पूरा हो गया है। शीतकालीन सत्र के दौरान इनका शुभारंभ किया जाएगा।
एमसी को मिल सकता है पार्किंग चलाने का जिम्मा
उपायुक्त कार्यालय परिसर और मिनी सचिवालय परिसर में पर्यटन विभाग ने पार्किंग स्थल का निर्माण किया है। लेकिन, अभी तक इन पार्किंग को चलाने को लेकर प्रशासन ने कोई योजना नहीं बनाई है। बताया जा रहा है कि नगर निगम धर्मशाला ही पार्किंग स्थलों को चलाएगा, जिससे एमसी धर्मशाला की आय में बढ़ोतरी हो सके।
एक समय में 240 वाहन होंगे पार्क
मिनी सचिवालय परिसर की पार्किंग में एक समय में 125 और उपायुक्त कार्यालय के बाहर बनी पार्किंग मेें 115 वाहन खड़े हो सकेंगे। इसके अलावा कर्मचारियों के वाहन खड़े करने के लिए भी प्रावधान रहेगा। मिनी सचिवालय परिसर में एडीबी और उपायुक्त कार्यालय के बाहर पर्यटन विभाग ने पार्किंग का निर्माण किया है। पार्किंग फीस टेंडर प्रक्रिया के बाद ही प्रति घंटे के अनुसार तय की जाएगी।
कोट्स
नगर निगम धर्मशाला के महापौर देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि जिला प्रशासन से नई बनी पार्किंग को चलाने के बारे में बात की जाएगी। अगर प्रशासन कहेगा, तो एमसी नई पार्किंग स्थलों का संचालन करेगा।