धर्मशाला। इस बरसात में जिला कांगड़ा को 200 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। कांगड़ा जिला में बरसात के दौरान हुए नुकसान का जायजा केंद्रीय अंतर मंत्रालयी टीम ने लिया।
इस दौरान ग्रामीण विकास विभाग में संयुक्त सचिव एवं समिति अध्यक्ष डॉ. सुपर्णा पचौरी के नेतृत्व में समिति के सदस्य कृषि विभाग में सहायक निदेशक डॉ. विक्रम सिंह और वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में सलाहकार दीना नाथ ने जिला प्रशासन और सभी विभागों के जिला स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीसी संदीप कुमार ने समिति को जिला में हुए नुकसान का ब्योरा दिया। उपायुक्त ने अवगत करवाया कि इस वर्ष भारी बरसात से जिले में करीब 200 करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागों के सहयोग से विपदा की स्थिति में आपसी तालमेल से कार्य कर लोगों को असुविधा से बचाने एवं हालात सामान्य बनाने के लिए किए गए समर्पित प्रयासों की भी जानकारी दी। समिति ने आश्वासन दिया कि जिला में हुए नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त राहत मुहैया करवाई जाएगी। समिति ने बारिश से प्रभावित कुछ क्षेत्रों का दौरा भी किया।
उन्होंने ज्वाली क्षेत्र में त्रिलोकपुर और पालमपुर में सौरभ वन विहार का दौरा कर बारिश, भूस्खलन एवं बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया। इस मौके पर जिला एवं उपमंडल प्रशासन के अधिकारी समिति के साथ रहे।