इनोवेटिव मॉडल में पपरोला स्कूल विजेता
पपरोला में आयोजित साइंस कांग्रेस का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। शिक्षा खंड बैजनाथ की दो दिवसीय खंड स्तरीय साइंस कांग्रेस का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पपरोला में हुआ। प्रतियोगिता में खंड के 32 स्कूलों के 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। समापन समारोह में विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रेमी ने कहा कि वर्तमान में साइंस का महत्व बढ़ गया है। बच्चों को साइंस के हर पहलू को अच्छे से व्यावहारिक तौर पर सीखना चाहिए। उन्होंने एच्छिक निधि से 11 हजार रुपये बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए दिए।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य कल्याण ठाकुर ने प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। इनोवेटिव मॉडल प्रतियोगिता में रावमापा पपरोला ने पहला और रावमापा संसाई ने दूसरा, वरिष्ठ वर्ग की प्रश्नोत्तरी में अवैरी पहले, विशुद्धा पब्लिक स्कूल दूसरे, कनिष्ठ वर्ग के ग्रामीण में मिडिल स्कूल भिरडी पहले, मिडिल स्कूल भूलाना दूसरे, शहरी में मिडिल गर्ल्स पपरोला ने पहला, मिडिल स्कूल घिरथोली ने दूसरा, वरिष्ठ वर्ग के साइंस एक्टीविटी कॉर्नर में रावमापा कृष्णानगर ने पहला, रावमापा अवैरी ने दूसरा और कनिष्ठ ग्रामीण में एमपीएस जंडपुर पहले, हाई स्कूल सेहल ने दूसरा, शहरी में रावमापा पपरोला पहले, रावमापा बैजनाथ ने दूसरा, कनिष्ठ ग्रामीण में हाई स्कूल हरेड़ पहले और हाई स्कूल सगूर दूसरे, कनिष्ठ वर्ग के शहरी में आदित्य घिरथोली ने पहला स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को विधायक प्रेमी ने सम्मानित किया। इस मौके पर किशोरी धीमान, भीखम कपूर, दलीप वहल, सीमा पठानिया और संतोष शर्मा आदि मौजूद रहे।