बिलिंग में अवैध कब्जों पर होगी कार्रवाई : परमार
साहसिक खेलों के लिए विकसित की जाएगी बिलिंग घाटी
स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने किया बिलिंग का दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ/पालमपुर(कांगड़ा)। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि बिलिंग वैली को पर्यटन की दृष्टि और अधिक विकसित करने के लिए संभावनाएं तलाशी जाएंगी, ताकि पैराग्लाडिंग के अलावा यहां साल भर पर्यटन गतिविधियां चलती रहें।
परमार ने वीरवार को अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग स्थल बिलिंग का बैजनाथ के विधायक मुल्खराज प्रेमी के साथ दौरा किया। लंबा और खुला उड़ान क्षेत्र होने के चलते बिलिंग दुनिया भर के पैराग्लाइडरों की पहली पसंद है। मंत्री ने कहा कि बिलिंग के महत्व को देखते हुए पूर्व में यहां मूलभूत सुविधाओं के सृजन को किसी प्रकार से गंभीर प्रयास नहीं किए गए। दुनिया भर से प्रदेश नैसर्गिक सौंदर्य को निहारने के लिए यहां आते हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने वाले ऐसे स्थानों और अन्य नए पर्यटक स्थलों की पहचान कर रज्जू मार्ग, ट्रैकिंग एवं अन्य साहसिक खेलों की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। सरकार बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के अतिरिक्त मोटरबाइकिंग, ट्रैकिंग और अन्य साहसिक खेलों के आयोजन को स्वयं, विधायक मुल्ख राज प्रेमी के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात करेंगे। क्षेत्र में अवैध कब्जे हुए हैं, तो प्रशासन और राजस्व विभाग इस पर उचित कार्रवाई करेगा। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनय शर्मा, अध्यक्ष देश राज शर्मा, महामंत्री सुखदेव मसंद और चंद्रवीर, प्रवीण, सतीश अबरोल, देविंद्र, बैजनाथ भाजपा के पदाधिकारी, एसडीएम बैजनाथ विकास शुक्ला और अधिशासी अभियंता संजय ठाकुर आदि मौजूद रहे।