पालमपुर (कांगड़ा)। सेना के रिटायर सैनिकों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए पालमपुर और योल में चलने वाले ईसीएचएस (एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ सर्विस) केंद्रों की जांच ईसीएचएस के महानिदेशक मेजर जनरल अशोक कुमार ने की। इसमें उन्होंने पालमपुर में चलने वाले ईसीएचएस के बेहतर संचालन की सराहना की कहा कि पॉली क्लीनिक होल्टा (पालमपुर) को पूर्व सैनिकों की संख्या के आधार पर जल्द टाइप-ए बना दिया जाएगा।
पॉली क्लीनिक में 63 हजार पूर्व सैनिकों की निर्भरता है। अब संख्या के आधार पर इसे टाइप-ए के तौर पर स्तरोन्नत किया जाएगा। इसके लिए स्टेशन हेडक्वार्टर की ओर से आए प्रस्ताव पर कार्यवाही करते हुए ईसीएचएस से पारित कर रक्षा मंत्रालय को प्रेषित किया गया है। रक्षा मंत्रालय इसे शीघ्र मंजूरी प्रदान कर देगा। टाइप-ए पॉली क्लीनिक में आश्रितों की संख्या अधिकतम 50 हजार है, जबकि पालमपुर का पॉली क्लीनिक इस संख्या को भी पार कर चुका है। जनरल अशोक ने कहा कि टाइप-डी होने के बावजूद पॉली क्लिनिक में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
इस दौरान पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष सीडी सिंह गुलेरिया एवं प्रवक्ता कुलदीप राणा के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने महानिदेशक से मुलाकात की और समस्याएं बताईं। इस मौके पर पॉली क्लीनिक प्रभारी कर्नल केएस डढवाल, कर्नल चंद्रशेखर, कर्नल मोहित, मेजर मारकोस, डॉ. डीएस चंदेल, सेवानिवृत्त कर्नल जगदीश चंद, कर्नल चौहान, कैप्टन प्रकाश चंद, ओंकार चंद, केबीएल शर्मा, अश्वनी कुमार, एसएस पटियाल समेत कई लोग मौजूद रहे।