अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में विवादित आईजी कार्यालय के निर्माण को लेकर रविवार 11 मार्च को डीआरडीए हॉल कचहरी अड्डा में जन अदालत एक जन संवाद का आयोजन किया जाएगा। इसमें आईजी कार्यालय निर्माण के संबंध में न केवल विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही इस निर्माण के विरोध स्वरूप कार्यक्रम में प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभागों को भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अनिल सोनी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल महेंद्रू और बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष टीसी राणा पैनल में शामिल रहेंगे, जबकि जनप्रतिनिधि, गुंजन, जागोरी, व्यापार मंडल कोतवाली बाजार, कचहरी अड्डा और व्यापार मंडल दाड़ी के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके अलावा सनातन धर्म सभा, राजपूत सभा, ब्राह्मण सभा, बड़ोल सुधार सभा सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के संयोजक अतुल भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम में धर्मशाला के भविष्य को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।