पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलह के पूर्व विधायक विपिन सिंह परमार ने पुढ़वा में एक व्यक्ति पर हुए हमले को लेकर चेताया है कि जल्द इंसाफ नहीं मिला तो सुलह भाजपा आंदोलन छेड़ देगी। इसकी सारी जिम्मेवारी सरकार और प्रशासन की होगी।
परमार ने कहा कि सुलह विस क्षेत्र के पुढ़वा गांव में जिस तरह से व्यक्ति पर हमला हुआ है। उससे साफ है कि सुलह में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिस व्यक्ति से मारपीट हुई, उसे मामूली घटना बताकर आरोपी को बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि जिस चिकित्सक ने पीड़ित व्यक्ति का मेडिकल किया है और जो धाराएं पुलिस ने लगाई हैं। उसकी भी जांच होनी चाहिए। जल्दी ही इन दोनों चीजों की जांच नहीं की गई तो सुलह भाजपा इस घटना के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि एक ओर सुलह के विधायक सुलह को नशामुक्त करने की बात करते हैं। वहीं, दूसरी ओर सुलह में ही नशे में धुत युवक लोगों को धमकाते हैं और पुलिस प्रशासन ऐसे लोगों को बचाने में जुट जाता है। परमार ने कहा कि सुलह के विधायक सरकार में है और वे चाहें तो एक ही रात में सुलह के सारे ठेके बंद करवा सकते हैं। कहा कि सुलह के विधायक सच में नशे के खिलाफ हैं तो वे ठेकों की नीलामी के विरुद्ध धरने पर बैठें तो भाजपा के लोग उनका साथ देंगे।