96 करोड़ के प्रोजेक्ट तैयार, अब मंजूरी का इंतजार
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्मार्ट सड़क, पार्क और वर्षालय बनाए जाएंगे
प्रदेश सरकार की स्वीकृति के लिए भेजे जाएंगे स्मार्ट सिटी के चार प्रोजेक्ट
अमी उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी परियोजना ने अब लगभग 96 करोड़ रुपये के कामों को तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश स्तर पर गठित कमेटी (आरएसपी) को भेजने की की तैयारी में है। आदर्श चुनाव आचार संहिता के चलते स्मार्ट सिटी परियोजना इन मांगों को मंजूरी देने के लिए चुनाव आयोग से आरएसपी की बैठक करने के लिए अनुमति लेने का आग्रह करेगी।
इन कामों में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगभग 84 करोड़ रुपये से बनने वाली स्मार्ट सड़क, धर्मशाला शहर के विभिन्न स्थानों पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चार करोड़ रुपये की लागत से पार्कों का निर्माण कार्य और आठ करोड़ रुपये से बनने वाले अत्याधुनिक वर्षालय शामिल हैं। इन कामों को तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश स्तर पर गठित समिति की स्वीकृति के लिए शिमला भेजा जाना है। उसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। उधर, स्मार्ट सिटी परियोजना की सीईओ राखिल काहलो ने कहा कि लगभग 96 करोड़ रुपये के चार कामों को तकनीकी कमेटी की स्वीकृति मिल गई है। अब प्रदेश स्तर पर गठित उच्च कमेटी की मंजूरी के लिए चारों कामों की प्रोजेक्ट डिटेल भेजी जाएगी, जिसमें चुनाव आयोग से बैठक करने की मंजूरी का भी प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि इन कामों पर आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।