बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ -पपरोला नगर पंचायत के वार्ड एक में आग लगने से दोमंजिला कच्चा मकान जलकर राख हो गया। घटना में तीन लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। पटाखों की चिंगारी को आग लगने का कारण बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम पौने 7 बजे अस्पताल में सफाई का कार्य करने वाली बीपीएल परिवार की सोमा देवी के कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। करीब सवा सात बजे दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक नुकसान अधिक हो चुका था। लोगों का कहना था कि घर के साथ ही बड़ी कूहल बहती है। लेकिन गत कुछ दिनों से कूहल पूरी तरह से बंद पड़ी हुई है। कूहल के सुचारु पर होने पर नुकसान को कम किया जा सकता था । तहसीलदार वचित्र सिंह ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा करके प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में दस हजार रुपये की राशि प्रदान की है। नियमों के तहत सरकारी सहायता करने का आश्वासन दिया है।
पार्षद बालकृष्ण बंटी ने पांच हजार और समाजसेवी संस्था टीम टेन ने कुछ सामान व दो हजार रुपये प्रभावित परिवार को प्रदान किए हैं । विधवा सोमा देवी के परिवार में तीन अन्य सदस्य हैं । बालकृष्ण बंटी ने सरकार से पीड़ित परिवार की सहायता करने का आग्रह किया है। एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि प्रभावित परिवार की उचित सहायता की जाएगी।