नियमों के अनुरूप हो पीएचडी प्रवेश परीक्षा : संघ
केंद्रीय विवि अध्यापक संघ ने शोध निदेशक को भेजा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय टीचर एसोसिएशन ने विवि में नियमों के अनुरूप पीएचडी प्रवेश परीक्षा लेने की मांग की है। इस संबंध में एसोसिएशन ने विवि के कुलपति डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री और शोध निदेशक प्रो. रोशन लाल शर्मा पत्र भेजा है।
एसोसिएशन का कहना है कि केंद्रीय विवि पूरे वर्ष पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित करता है और योग्य पर्यवेक्षक के तहत खाली सीटों की उपलब्धता के अनुसार शोध छात्र प्रत्येक सेमेस्टर में प्रवेश पाते हैं। आगामी पीएचडी प्रवेश परीक्षा यूजीसी (एमफिल/पीएचडी उपाधियों के लिए न्यूनतम मानक प्रक्रिया नियम 2016) नियमों के अनुरूप ही संचालित करवाई जाए, ताकि छात्र, शिक्षक एवं विश्वविद्यालय हितों की सुरक्षा हो सके। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एसके श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष डॉ. मनप्रीत अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारयों डॉ. निमाला करुणाकर, डॉ. राजेश सिंह और डॉ. मनोज धीमान ने कहा कि नियमों के अनुरूप प्रवेश परीक्षा होने से विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को सुविधा मिलेगी।