अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। नगर पंचायत बैजनाथ पपरोला के लंबित चल रहे लाखों रुपये के विकास कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। लंबित कार्यों को शुरू किए जाने के संबंध में एसडीएम डॉ मुरारी ने पहल करते हुए 4 जनवरी को पार्षदों को बैठक के लिए 11 बजे एसडीएम कार्यालय में आमंत्रित किया है।
11 पार्षदों की नपं के पार्षद अमित कपूर, कांता, अनिता सूद, रमेश कुमार, रुचि कपूर और कविता चौधरी चुनावों से पूर्व नपं की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए थे। अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष एक पार्षद के खिलाफ उच्च न्यायालय में चले गए थे। न्यायालय में जाने के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर कार्रवाई पर पूरी तरह से विराम लग गया था और बाद में चुनावी आचार संहिता के चलते दो करोड़ के विकास कार्य आगे नहीं बढ़ सके थे। आधा दर्जन पार्षदों ने बंद पड़े विकास कार्यों को शुरू करवाने के लिए एसडीएम से गुहार लगाई थी। उधर, एसडीएम डॉ मुरारी ने बताया कि 4 जनवरी को नगर पंचायत के सचिव, कनिष्ठ अभियंता और समस्त पार्षदों को आमंत्रित किया गया है और रुके कार्यों को शुरू करवाने के साथ आगामी कार्यों के प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे।