बिजली बोर्ड के कांगड़ा उपमंडल में लाखों रुपयों पर कुंडली मार बैठे डिफाल्टर उपभोक्ताओं की अब खैर नहीं है। बार-बार नोटिस और अन्य चेतावनियां देने के बावजूद ये उपभोक्ता बकाया बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऐसे डिफाल्टर उपभोक्ताओं से पैसे वसूलने का तोड़ महकमे ने लगा लिया है। अब बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं को अपना बकाया भुगतान चुकाने के लिए 28 नवंबर तक का समय दे दिया है। इसके बाद विभाग बिना नोटिस डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट देगा।
कनेक्शन कटने के बाद डिफाल्टर उपभोक्ता अपने घरों में बिजली सुविधा से सीधे तौर पर वंचित हो जाएंगे। कांगड़ा के विद्युत बोर्ड के उपमंडल के ऐसे कई उपभोक्ताओं का लाखों रुपयों का भुगतान बाकी है। बोर्ड के राजस्व में चपत लगाने वाले इन उपभोक्ताओं को कई बार अपना बिल अदा करने के लिए हिदायतें दी गईं, लेकिन इन चेतावनियों का कोई खास असर होता नहीं दिखा है। बोर्ड ने अब कड़ा फैसला लेते हुए डिफाल्टरों को 28 नवंबर तक का अल्टीमेटम दे दिया है। एसडीओ सतीश शर्मा ने बताया कि बार बार चेतावनी देने के बाद भी डिफाल्टर उपभोक्ताओं ने लंबित बिल जमा नहीं करवाए हैं। 28 नवंबर तक यदि इन उपभोक्ताओं ने बिलों का भुगतान नहीं किया तो 29 नवंबर को ऐसे उपभोक्ताओं का बिजली का कनेक्शन काट दिया जाएगा।