धर्मशाला। अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा केके सरोच ने कहा कि 12 अगस्त को प्रात: साढ़े सात बजे सड़क सुरक्षा पर लोगों को जागरूक करने के लिए नगरोटा बगवां के ओबीसी भवन से बड़ोह रोड, 53 मील होते हुए मेडिकल कॉलेज टांडा तक विशेष दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा दौड़ को परिवहन मंत्री जीएस बाली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है कि उन्हें यातायात नियमों को लेकर शिक्षित किया जाए। सरोच ने कहा कि जिला प्रशासन यातायात की सुचारु व्यवस्था एवं दुर्घटनाएं रोकने के लिए विशेष कदम उठा रहा है। उन्होंने युवा पीढ़ी को यातायात नियमों को लेकर शिक्षित करने और सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों का सहयोग लेने सहित जन भागीदारी से अभियान को सफल बनाने पर बल दिया। बैठक में एसी शशि पाल नेगी, आरटीओ विशाल, एएसपी विजय सकलानी, जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी संजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।