पुलिस ने दो स्थानीय युवकों को किया गिरफ्तार, दोनों पर पहले भी दर्ज हैं मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। पुलिस थाना ज्वालामुखी के तहत नप के वार्ड नंबर चार में पुलिस और एसडीटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक घर से 1.890 किलो चरस बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो स्थानीय युवकों कर्ण और राहुल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस और एसडीटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान वार्ड नंबर चार स्थित एक घर में तलाशी ली।
इस दौरान टीम को 1 किलो 890 ग्राम चरस की खेप बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार एक आरोपी के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी के खिलाफ भी एक मामला पहले से दर्ज है। एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाकर इसमें संलिप्त अन्य लोगों तक भी पहुंचा जाए।