पुलिस का नाका देख भागने का कर रहे थे प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला के समीपवर्ती तपोवन में पुलिस की टीम ने चंबा के दो युवकों से एक किलो 84 ग्राम चरस बरामद की है। तपोवन में धर्मशाला पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस दौरान चंबा के राजपुरा निवासी अंशुमन और रनहीनी डाकघर चकलू निवासी हर्षदीप ठाकुर से पुलिस ने मौके पर 1.84 किलोग्राम चरस बरामद कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तपोवन में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान दोनों युवकों ने मौके से भागने का प्रयास भी किया।
इस पर पुलिस ने उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उन्हें पकड़ लिया। दोनों आरोपी धर्मशाला क्षेत्र में ही रेस्टोरेंट संचालन का कार्य करते हैं। आरोपियों से भारी मात्रा में चरस बरामद होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है कि आरोपी इसे कहां से लेकर आए थे और कहां ले जा रहे थे। इसके अलावा आरोपियों के रेस्टोरेंट संबंधी कारोबार स्थल की भी जांच की जा रही है। एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि तपोवन में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान चंबा के दो युवकों से 1.84 किलोग्राम चरस बरामद की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।