धर्मशाला से दाड़ी पहुंचे, फिर भी हाथ लगी मायूसी
बोहेमिया शो देखने दिल्ली-चंडीगढ़-हरियाणा से पहुंचे थे युवक
विपिन चौधरी
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय रैप स्टार बोहेमिया के फैन को धर्मशाला में शो न होने की स्थिति में मायूसी हाथ लगी। शो को देखने के लिए दिल्ली, जालंधर, ऊना, हरियाणा, मंडी और अन्य क्षेत्रों से युवा धर्मशाला पहुंचे हुए थे। इस शो को देखने के लिए युवाओं ने 1000 से लेकर 1500 रुपये तक की टिकट खरीदी हुई थी। युवकों को टिकट के लिए खर्चे पैसे का गम नहीं था, उन्हें गम था तो केवल अपने पसंदीदा रैप स्टार बोहेमिया का दीदार न कर पाने का। लाइव शो देखने के लिए जालंधर से आए अमरजीत सिंह, सुखविंद्र सिंह, मनप्रीत, दीपक जस्सा, दिल्ली के अंकुश, मंडी से दीपक कुमार, राजेंद्र, बबलू और राहुल के अलावा ऊना से आए राहुल और सतवीर ने बताया कि उन्होंने शो के लिए ऑनलाइन 1500 से 1000 रुपये की ऑनलाइन टिकटें खरीदी थीं। टिकट में दर्शाए गए धर्मशाला पुलिस ग्राउंड स्थान के चलते पहले वे वहां पहुंचे, लेकिन वहां पर कोई तैयारियां होते न देख, उन्हें दाड़ी मेला मैदान में शो होने की खबर मिली। इसके बाद वे किसी तरह दाड़ी मैदान पहुंचे। यहां पर जब वे पहुंचे तो स्टेज का कार्य चल रहा था। इससे उन्हें उम्मीद जगी कि आज वे अपने पसंदीदा रैप स्टार बोहेमिया के दीदार कर पाएंगे, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस की पहुंची टीम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया और आयोजकों को जमकर कोसा। इस दौरान टिकट लेकर शो देखने पहुंचे युवकों का कहना था कि आयोजकों को इस शो को पूरी औपचारिकताएं निभाते हुए करवाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि वीरवार तक आयोजकों से लगातार बात हो रही थी, लेकिन अब आयोजक उनका फोन भी नहीं उठा रहे हैं।
बिक चुकी थी हजारों टिकटें
धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय रैप स्टार बोहेमिया का लाइव शो करवाने के नाम पर शो की ऑनलाइन हजारों टिकटें बिक चुकी थीं। इन टिकटों को जहां प्रदेश के युवाओं ने खरीदा था, वहीं टिकट खरीद कर बाहरी राज्यों के युवा भी धर्मशाला पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन खरीदी गई टिकटों को भी दिखाया।