मैक्लोडगंज-भागसुनाग में नए टैक्सी परमिट पर रोक की तैयारी
नगर निगम धर्मशाला कल होने वाली आमसभा में लाएगी प्रस्ताव
दो साल के लिए नहीं दिन जाएंगे नए परमिट
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। मैक्लोडगंज और भागसुनाग में अगले दो साल किसी को भी नया टैक्सी परमिट नहीं दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम धर्मशाला 19 नवंबर को आमसभा में नए टैक्सी परमिट पर रोक लगाने का प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। एमसी मैक्लोडगंज और भागसुनाग टैक्सी के नये परमिट पर रोक लगाने को लेकर इसलिए फैसला ले रही है, क्योंकि दोनों स्थानों पर पार्किंग की भारी दिक्कत है। पार्किंग की समस्या होने के कारण दोनों जगह अकसर जाम की स्थिति रहती है। नगर निगम दो साल में मैक्लोडगंज और भागसूनाग में नए पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बना रही है, ताकि इस समस्या से निपटा जा सके। वर्तमान समय में मैक्लोडगंज और भागसुनाग में लगभग 1500 टैक्सियां चल रही हैं। उधर, एमसी के महापौर देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि सोमवार को आमसभा होगी, जिसमें कई अहम प्रस्ताव रखें जाएंगे। जिसमें मैक्लोडगंज और भागसुनाग के नये टैक्सी परमिट न देनेे का भी प्रस्ताव है।
सभी वार्डों में डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन की तैयारी
एनजीटी के आदेशों के बाद के नगर निगम धर्मशाला सभी 17 वार्डों में घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना शुरू करने की तैयारी में हैं। इसके रेट भी लगभग तय कर दिए हैं। आमसभा में रेटों के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी जाएगी। जिसमें घर के कूड़ा उठाने के 50 रुपये, दुकान से 100 से 150 रुपये और होटल से 100 रुपये प्रति कमरे के हिसाब के वसूल करने की योजना है।
इनसेट
इन प्रस्तावों को भी मिल सकती है मंजूरी
-एमसी के नये नियमों के प्रस्ताव।
-102 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना के प्रस्ताव।
-सफाई के जोन स्तर पर नये टेंडर करने के प्रस्ताव।