वरिष्ठ नागरिकों, बीपीएल परिवार
के मुफ्त में होंगे डिजिटल एक्स-रे
मरीज को आधार कार्ड और बीपीएल प्रमाण पत्र साथ लाना होगा
धर्मशाला अस्पताल प्रबंधन ने स्थापित की डिजिटल एक्स-रे मशीन
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जोनल अस्पताल धर्मशाला में वरिष्ठ नागरिकों और बीपीएल परिवारों के मरीजों को निशुल्क डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित कर दी है। अब 60 साल से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाले मरीजों के निशुल्क डिजिटल एक्स-रे होंगे। इसके लिए मरीज को आधार कार्ड और बीपीएल प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। इसके अलावा अन्य मरीजों को अब डिजिटल एक्स-रे करवाने के 125 रुपये फीस देनी होगी। दांत के एक्स-रे के अलावा अब धर्मशाला अस्पताल में सभी प्रकार के डिजिटल एक्स-रे हो सकेंगे। अस्पताल में यह एक्सरे मशीन पीपी मोड पर स्थापित की गई है। पहले दिन लगभग 80 लोगों की एक्सरे किए गए। उधर, धर्मशाला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश महाजन ने कहा कि शुक्रवार को अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है। वरिष्ठ नागरिकों और बीपीएल परिवारों के मरीजों को निशुल्क एक्स-रे सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
तीन ओपीडी रहीं बंद
शुक्रवार को धर्मशाला अस्पताल की तीन ओपीडी बंद रहीं। चर्म रोग, ईएनटी और सर्जरी ओपीडी में किसी मरीज की जांच नहीं हुई। हालांकि ईएनटी विशेषज्ञ का पद रिक्त है, जबकि सर्जरी विशेषज्ञ ने ओटी में सेवाएं दी। चर्म रोग विशेषज्ञ अवकाश पर रहे।