सड़क धंसने से बस लुढ़की, पेड़ से अटकी
डाडासीबा-संसारपुर टैरेस मार्ग बड़ा हादसा टला
अमर उजाला ब्यूरो
संसारपुर टैरेस (कांगडा)। डाडासीबा-संसारपुर टैरेस मार्ग पर बंधोल गांव के पास वीरवार को सड़क धंसने से एक निजी बस सड़क से नीचे लुढ़क गई। हादसे में बस में बैठी सवारियां बाल-बाल बच गईं।
जानकारी के अनुसार निजी बस सुबह डाडासीबा से संसारपुर टैरेस जा रही थी। बंधोल के समीप सड़क पर गिरे पेड़ के कारण चालक ने बस को किनारे से निकालने की कोशिश की। इस दौरान किनारे पर मिट्टी धंस गई और बस सड़क से नीचे लुढ़क गई। इसके बाद बस एक पेड़ के साथ अटक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।