डांस और दर्शन शास्त्र की पढ़ाई में रुचि नहीं दिखा रहे विद्यार्थी
धर्मशाला कॉलेज में दोनों विषय में दाखिले के लिए आए सिर्फ 28 आवेदन
इस बार धर्मशाला कॉलेज में मेजर किए हैं डांस और दर्शन शास्त्र विषय
हरीश चंद्र
धर्मशाला। सूबे के सबसे पुराने डिग्री कॉलेज धर्मशाला में इस सत्र से डांस और दर्शन शास्त्र विषय को मेजर किया गया है। दोनों विषयों में सिर्फ 28 छात्रों ने आवेदन किया है। जिसमें डांस विषय में दस और दर्शन शास्त्र में 18 विद्यार्थी हैं। सभी का दाखिला होना तय है, लेकिन फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि दोनों विषयों में पढ़ाई करने के लिए कितने विद्यार्थी रुचि लेंगे। वहीं, फीस जमा करवाने के अंतिम दिन 29 जून है। 30 जून को कॉलेज प्रशासन दूसरी कट लिस्ट जारी करेगा। पहली कट लिस्ट के बाद जिन विद्यार्थियों ने फीस जमा नहीं करवाई, उसके बाद अगली सूची जारी की जाएगी। उधर, धर्मशाला कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील मेहता ने कहा कि डांस और दर्शन शास्त्र विषय पहली बार मेजर किए गए हैं। दोनों विषयों में इस बार कम आवेदन आए हैं। छात्रों को इन विषयों के बारे में जानकारी न होने के कारण कम आवेदन आए हैं, क्योंकि जमा दो तक डांस और दर्शन शास्त्र की पढ़ाई कम ही छात्र करते हैं।