तबादला नहीं, विकास पर ध्यान दें कार्यकर्ता: शांता
मोदी का कोई नहीं विकल्प, विपक्ष परेशान : शांता
भाजपा के पक्ष में है माहौल, कार्यकर्ता हवा में न रहें
अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। साल-2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद शांता कुमार ने कहा कि इस समय माहौल भाजपा के पक्ष में है, लेकिन कार्यकर्ता हवा में रहने की गलती न करें और धरातल में काम करें। भाजपा की दो दिवसीय आवास बैठक के समापन पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता स्थानांतरण में न उलझ कर विकास के कार्य में ध्यान दें। निजी कंपनियों की सहभागिता से प्रदेश सरकार राज्य में रोजगार के साधन सृजित करने का कार्य करे।
प्रदेश के धौलाधार पर्वतों में वह सब कुछ हो सकता है, जो स्विट्जरलैंड में नहीं है। उन्होंने बैठक में मौजूद प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार से कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र में चार रोप वे, दो सीमेंट उद्योग और फोर लेन का कार्य जल्द शुरू करने की बात कही। इन सभी कार्यों से रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे और बेरोजगारी का सामना कर रहे गरीब परिवारों को राहत मिलेगी। केंद्र सरकार के कार्यकाल को सफल करार देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी का कोई भी विकल्प नहीं है। यही कारण है कि विपक्ष एकजुट होकर भाजपा का सामना करने की तैयारी कर रहा है। साल 2019 को कार्यकर्ता चुनौती के रूप में स्वीकार करें और अपने बूथ को मजबूत करने की दिशा में कार्य करें। शांता कुमार ने कहा कि बहुत जल्द दो माह के अंदर केंद्रीय विवि का शिलान्यास किया जाएगा। अक्टूबर माह तक फोरलेन का शिलान्यास भी कर दिया जाएगा।